पीएफ घोटाला काण्ड के आरोपी के शव के नमूने लेने का निर्देश
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 20, 2009
सर्वोच्च न्यायालय ने आज मंगलवार को सीबीआई को निर्देश दिया है कि वो भविष्य निधि घोटाले में मुख्य आरोपी आशुतोष अस्थाना के शव के विसरा को सुरक्षित रखे. न्यायालय ने आरोपी की जेल के अंदर रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत्यु की जांच कर रहे न्यायाधीश को कहा है कि वो 8 सप्ताह में जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट दें.
हालांकि सर्वोच्च न्यायालय ने इस घटना की जांच किसी पूर्व पुलिस अधिकारी से कराये जाने की मांग को अस्वीकार कर दिया है. उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही इस मामले की न्यायिक जांच की घोषणा कर चुकी है.
न्यायपालिका के कर्मियों की भविष्यनिधि में कई करोड़ के घोटाले में कई न्यायाधीश भी आरोपी हैं और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर इस सनसनीखेज मामले की जांच सीबीआई कर रही है.
इस मामले के मुख्य आरोपी आशुतोष अस्थाना की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को गाजियाबाद की डासना जेल में मौत हो गई थी. आशुतोष अस्थाना ने गिरफ्तारी के वक्त अपनी हत्या किये जाने की आशंका भी जतायी थी.