झारखण्ड में मतदान पांच चरणों में, पहला मतदान 27 नवंबर को
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 23, 2009
चुनाव आयोग ने आज शुक्रवार को झारखण्ड के लिये चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. सुरक्षा कारणों से आयोग ने मतदान पांच चरणों में कराने का निर्णय लिया है और पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में करीब महीना भर लगेगा. पहले चरण का मतदान इस महीने की 27 तारीख को होगा.
गुरुवार को देर रात कैबिनेट ने राज्य में राष्ट्रपति शासन समाप्त कर विधानसभा भंग करने को मंजूरी दे दी थी. इसके बाद आज चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है.
मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने बताया, "राज्य में 27 नवंबर और दिसंबर की 2, 8, 12 और 18 तारीख को वोट डाले जायेंगे. और मतगणना 23 दिसंबर को होगी."
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राज्य की नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की खरबा स्थिति की वजह से पांच चरणों में मतदान कराने का निर्णय लिया गया है.
झारखण्ड में इस वर्ष 19 जनवरी से ही राष्ट्रपति शासन लागू है और नियम के अनुसार अगले साल 19 जनवरी से पहले नई सरकार का गठन किया जाना जरूरी है.