स्विस बैंकों में जमा काले धन को सफेद बनाने की अनुमति नहीं दी जायेगी: वित्तमंत्री
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 25, 2009
वित्तमंत्री श्री प्रणब मुखर्जी ने आज रविवार को स्पष्ट किया जिन भारतीयों का पैसा स्विस बैंकों में जमा है उन्हें स्वेच्छा से इसे घोषित करके काले धन को सफेद बनाने की अनुमति देने का कोई प्रस्ताव नहीं है.
उन्होंने कहा कि भारत दोहरे करों से बचने के लिये स्विट्जलैण्ड के साथ एक व्यापक समझौता करना चाहता है. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्विस बैंकों में भारतीयों को पैसा जमा करने से रोकना होगा.
उन्होंने कहा कि इस समझौते का मसौदा ओईसीडी देशों के मानकों के अनुरूप होगा जिसे भारतीय और स्विस अधिकारी दोनों मान चुके हैं.
वित्तमंत्री ने कहा स्विट्जलैण्ड सरकार के साथ इस समझौते पर पूरे तौर से बातचीत दिसंबर में शुरू होगी.
हालांकि उन्होंने इस बात का खुलासा करने से इंकार कर दिया कि स्विस बैंकों में भारतीयों का कितना काला धन जमा होगा. उन्होंने कहा कि सरकार ने 1985 में इसका पता लगाने की कोशिश की थी...उसके बाद से ऐसा कोई प्रयास नहीं किया गया है.