मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 27, 2009
केंद्र सरकार ने रविवार को छत्तीसगढ़ में बारूदी सुरंग हमले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के चार जवानों की हत्या किये जाने की कड़ी निंदा की है. सरकार ने कहा कि नक्सली बिना किसी औचित्य के और ठण्डे दिमाग से बेवजह खून-खराबा करने में जुटे हैं.
गृहमंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी करके कहा, "सरकार सीपीआई (माओवादी) द्वारा बिना किसी उकसावे के नृशंस तरीके से सार्वजनिक क्षेत्र के सुरक्षा बल पर हमला करने की कड़ी निंदा करती है."
सरकार ने कहा कि ये लोग एक नियमित गश्त पर थे जब बारूदी सुरंग के जरिये इनके वाहन को उड़ा दिया गया.
कल रविवार को दंतेवाड़ा स्थित राष्ट्रीय ख़निज विकास निगम लिमिटेड की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ की एक टुकड़ी को माओवादियों ने सुरंग हमले में उड़ा दिया था. इस हमले में एक उप निरीक्षक, एक हेड कॉन्स्टेबल और दो सिपाहियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं.
सरकार ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की ये कंपनी उस क्षेत्र के रोजगार बढ़ाने में संलग्न है और वहां कई कल्याणकारी गतिविधियां भी चला रही है ऐसे में उस पर हमला किये जाने से साफ है कि नक्सली स्थानीय जनता की भलाई नहीं चाहते हैं.