मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 27, 2009
बैंगलोर में हुई बैठक में तीनों देशों के विदेशमंत्रियों ने अफ़गानिस्तान-पाकिस्तान के हालात और क्षेत्र में बढ़ते आतकंवाद पर चिंता जताई और इससे निपटने के लिये आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया. दो घंटे चली इस बैठक के बाद चीन के विदेश मंत्री यांग जीची और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने 8 अक्टूबर को काबुल में भारतीय दूतावास पर हुये हमले की निंदा की.
तीनों नेताओं ने सभी संबंधित देशों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आतंकवाद संबंधी प्रस्तावों को मानने के लिये कहा है. भारत ने बैठक में जोर दिया कि पाकिस्तान जमात-उद-दवा और उसके मुखिया हाफिज सईद पर संयुक्त राष्ट्र के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करे जिस पर रूस और चीन ने सहमति जताई.
बैठक के बाद जारी साझा विज्ञप्ति में कहा गया है, "ये आवश्यक है कि सभी देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1267, 1373 और 1540 के अन्तर्गत प्रतिबंधित सभी व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें."
पिछले वर्ष नवंबर में मुंबई हमले के बाद सुरक्षा परिषद ने हाफिज सईद और जमात उद दवा को आतंकवादी संगठन घोषित करते हुये उन पर प्रतिबंध लगा दिया था. लेकिन पाकिस्तान दावा करता है कि हाफिज सईद किसी आतंकवादी कार्यवाही में शामिल नहीं है.