मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 28, 2009
इलाहाबाद बैंक के सीएमडी के. आर. कामथ को भारत सरकार ने पंजाब नेशनल बैंक का नया अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है. श्री कामथ ने आज नई दिल्ली स्थित पीएनबी मुख्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया है. उनकी नियुक्ति पांच वर्षों के लिये की गई है.
पचपन वर्षीय श्री कामथ ने 1977 में प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में कॉरपोरेशन बैंक से अपने कैरियर की शुरुआत की थी. वो मैसूर विश्वविद्यालय से वाणिज्य के स्नातक हैं. 1976 में उन्होंने वाणिज्य के छात्रों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था.
इसके बाद श्री कामथ ने कर्नाटक, केरल और मुंबई में विभिन्न पदों पर काम किया. 1994 में उन्हें पदोन्नति देकर एक्जिक्यूटिव कैडर में शामिल कर लिया गया और कलेक्श्न और पेमेंट सेवाओं के का क्षेत्रीय प्रबंधक बना दिया गया.
इस जिम्मेदारी में रहते हुये उन्होंने एक मजबूत टीम तैयार की और इस विभाग को कॉरपोरेशन बैंक का अग्रणी विभाग बनाकर विशिष्ट ख्याति अर्जित की. 2002 में पदोन्नति के बाद उन्हें महाप्रबंधक बना दिया गया और उन्हें आईटी, आईटी सिक्योरिटी और जोखिम प्रबंधन जैसी जिम्मेदारियां दी गईं. इस पद पर रहते हुये कोर बैंकिंग सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू करने के लिये उन्हें आईडीआरबीटी और आईबीए की ओर से कई बार सम्मानित भी किया गया.
मई 2006 में भारत सरकार ने उन्हें बैंक ऑफ इण्डिया का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया और अगस्त 2008 में उन्हें इलाहाबाद बैंक के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. श्री कामथ एक मजबूत टीम के निर्माण और कॉरपोरेट गवर्नेन्स में बदलाव के लिये प्रसिद्ध रहे हैं. वो इन्डियन इन्स्टीट्यूट ऑफ बैंकर्स के सर्टिफॉइड असोसिएट भी हैं.