पाकिस्तान आतंकवाद से 'तौबा' करे तो बातचीत संभव: मनमोहन सिंह
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अक्टूबर 28, 2009
भारतीय प्रधानमंत्री ने आज बुधवार को एक बार फिर पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया है. कश्मीर के अनंतनाग में उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जनता और भारत शांति से रहना चाहते हैं.
अनंतनाग-काजीगुण्ड रेल सेवा का उदघाटन करते समय एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि इसके लिये पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आतंकवाद को रोकना होगा.
उन्होंने कहा, "मैं विश्वास करता हूं कि पाकिस्तान के अधिसंख्य लोग भारत और पाकिस्तान के बीच अच्छे पड़ोसियों वाले संबंध चाहते हैं. वो स्थायी शांति चाहते हैं. और यही हमारी सोच भी है."
पिछले वर्ष मुंबई पर हुये आतंकी हमले के बाद और इसके जिम्मेदार तत्वों पर पाकिस्तान द्वारा कार्यवाही नहीं करने से दोनों देशों के संबंधों में कटुता बनी हुई है.