मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 02, 2009
स्वॉइन फ्लू का विषाणु भारत में अबतक 475 लोगों की जिन्दगी ले चुका है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को देश में स्वॉइन फ्लू से दो मरीजों की मौत हुई है. इसमें से एक मामला महाराष्ट्र है जबकि दूसरा केरल से है.
सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में एच1एन1 के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 203 हो गई है. कर्नाटक में 118 और आंध्र प्रदेश में 49, गुजरात में 40 और राजधानी दिल्ली में 16 लोगों की मौत स्वॉइन फ्लू के संक्रमण की वजह से हो चुकी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी वक्तव्य में कहा गया है कि आज सोमवार को ही देश में 67 नये मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें एक मामला बाहर से आये व्यक्ति का है शेष सभी को देश में ही संक्रमण हुआ है.
शुक्रवार को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी स्वॉइन फ्लू से ग्रस्त होने की पुष्टि हो गई थी. रूस की एक आधिकारिक यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने बुखार और ठण्ड लगने की शिकायत की थी.