हैडली के संबंध में पाकिस्तान ने कोई जानकारी नहीं दी: प्रधानमंत्री
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 06, 2009
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने आज शुक्रवार को पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि डेविड कोलमैन हैडली से मिली जानकारी के आधार पर पाकिस्तान में क्या कार्यवाही की गई इस बात की जानकारी भारत को नहीं दी जा रही है.
नई दिल्ली में भारत और यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में इस संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, "पाकिस्तान से इस संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है."
प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में किसी भी बदलाव का भारत पर सीधा प्रभाव पड़ता है और इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाये रखने में भारत का अपना हित है.
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हैडली और तहव्वुर हुसैन राना को भारत पर हमले का षड़यंत्र बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया हुआ है. एफबीआई ने शिकागो न्यायालय में दाखिल शपथपत्र में कहा है कि डेविड कोलमैन ने कई बार पाकिस्तान की यात्रा की है.
भारत का आरोप है कि हैडली का सीधा संबंध पाकिस्तान से है और वो लश्कर के इशारे पर भारत में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था.