भारत और यूरोपीय संघ के बीच नागरिक परमाणु सहयोग समझौता
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 06, 2009
परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण प्रयोग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भारत और यूरोपीय संघ सहमत हो गये हैं. आज शुक्रवार को नई दिल्ली में दोनों पक्षों के बीच इस संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किये गये.
भारत की ओर से परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अनिल काकोदकर और यूरोपीय संघ की ओर से विदेश संबंध आयुक्त बेनिटा फरेरो-वॉलन्डर ने इस क्षेत्र में चल रहे शोध कार्य पर सहयोग बढ़ाने के लिये समझौते पर दस्तख़त किये.
इससे पहले आज दिन में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने स्वीडन के प्रधानमंत्री फ्रेडरिक रेनफेल्ड्ट और यूरोपीय संघ के अध्यक्ष जोस मैनुअल बोरोसो से दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर बातचीत की.
भारतीय प्रधानमंत्री ने इस समझौते को दसवीं शिखर बैठक की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुये कहा कि ये दोनों पक्षों के बीच 'ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को प्रतिबिंबित करता है'.