उत्तर प्रदेश उपचुनाव में बसपा की शानदार जीत, सपा-भाजपा का खाता भी नहीं खुला
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 11, 2009
भारत के सबसे बड़े और चुनावी राजनीति के लिहाज से अति महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ बहुजन समाजवादी पार्टी ने राज्य में हुये उप चुनावों में जोरदार जीत हासिल की है. 11 विधानसभा सीटों पर हुये उप चुनाव में पार्टी ने 9 सीटों पर विजय प्राप्त की है जबकि राज्य में मुख्य विपक्षी दल समाजवाटी पार्टी का खाता भी नहीं खुल पाया है. एक सीट कांग्रेस को और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को मिली है. बसपा ने पांच सीटें मुख्य विपक्षी दल सपा से छीनी हैं.
समाजवादी पार्टी को आज दोहरी हार का स्वाद चखना पड़ा है. पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह की बहू डिंपल यादव फिरोजाबाद सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर से 85 हजार से भी ज्यादा मतों से हार गयीं.
इस सीट को कांग्रेस और सपा दोनों ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना रखा. राहुल गांधी ने राजबब्बर के पक्ष में प्रचार किया था. जबकि डिंपल के पति अखिलेश यादव सहित संजय दत्त, जया प्रदा और जया बच्चन जैसे कई दिग्गज फिल्मी सितारों ने डिंपल यादव को जिताने के लिये पूरा जोर लगा रखा था.
पार्टी को दूसरा झटका उस समय लगा जब पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव का गढ़ समझी जानी वाली इटावा सीट बसपा ने जीत ली. यही नहीं बसपा ने सपा के कब्जे वाली पांचों विधानसभा सीटें इस चुनाव में उससे छीन ली हैं.