पाकिस्तानी मूल के अमरीकी नागरिकों के वीज़ा आवेदनों की जांच दिल्ली में होगी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 13, 2009
वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिकों को वीजा देने संबंधी नियमों को सख्त बना दिया है. एफबीआई द्वारा गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हैडली और तहव्वुर हुसैन राना द्वारा भारत पर हमले की साजिश रचने की बात सामने आने के बाद दूतावास ने ये निर्णय लिया है.
भारत के गृहसचिव जी. के. पिल्लई ने निर्देश दिये हैं कि पाकिस्तानी मूल के किसी भी अमेरिकी नागरिक के वीजा आवेदन की जांच नई दिल्ली में की जायेगी. सरकार ने अमेरिका में भारत के सभी कार्यालयों को आदेश जारी करके कहा है कि वो ऐसे सभी वीजा आवेदनों को नई दिल्ली भेजें.
अमेरिकी गुप्तचर संस्था एफबीआई ने इन दोनों को नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया हुआ है.
एफबीआई ने न्यायालय में दाखिल शपथ पत्र में कहा है कि ये दोनों लश्कर ए तैयबा के इशारे पर भारत में बड़े आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे. हैडली और तहव्वुर हुसैन राना अभी शिकागो जेल में बंद है.