राज ठाकरे ने स्टेट बैंक से नौकरियों में मराठियों को प्राथमिकता देने को कहा
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवंबर 15, 2009
राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने एक बार फिर से भूमि पुत्र के मुद्दे को हवा देने की कोशिश की है. राज ठाकरे ने कहा है कि रविवार को होने वाली स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया की परीक्षा में मराठियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिये.
खबरों में कहा गया है कि मनसे के विधायक बाला नंदगावंकर ने शनिवार को मुंबई स्थित बैंक के मानव संसाधन विभाग को इस बारे में एक पत्र सौंपा है.
बैंक रविवार को महाराष्ट्र में भर्ती परीक्षा का आयोजन कर रहा है और बैंक के स्थानीय अधिकारियों ने मनसे कार्यकर्ताओं से दिल्ली स्थित बैंक के उच्चाधिकारियों से बात करने को कहा है.
मीडिया में अधिकारियों के हवाले से कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने कहा कि राज्य कोटे के 1,100 पदों पर स्थानीय लोगों की ही नियुक्ति की जानी चाहिये.
मनसे की इस मांग के बाद स्थानीय पुलिस किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिये सतर्कता बरत रही है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल को तैनात किया जायेगा और किसी भी गड़बड़ी से सख़्ती से निपटा जायेगा.