मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवंबर 16, 2009
घातक इन्फ्लुएन्जा विषाणु एच1एन1 की वजह से भारत में 523 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है. रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी के संक्रमण की वजह से कम से कम 523 लोगों की मौत हो चुकी है. आंकड़ों के अनुसार करीब 80 हजार लोगों की जांच में 15,411 लोगों के इससे संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिसमें से 523 लोगों की मौत हो गई है.
पश्चिमी सीमा पर स्थित महाराष्ट्र अभी भी इस बीमारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में 213 लोगों की मौत इस बीमारी की वजह से हो चुकी है. दक्षिणी राज्य कर्नाटक में इस बीमारी से 118 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है. आंध्र प्रदेश में 49 और गुजरात में 44 लोगों की जान इस बीमारी की वजह से जा चुकी है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अभी तक 19 लोगों की मौत इस बीमारी की वजह से हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रविवार यानी 15 नवंबर 2009 को तीन लोगों की मौत स्वाइन फ्लू की वजह से होने की पुष्टि हो गई है.
दो रोगियों की मौत महाराष्ट्र और एक की मृत्यु केरल में हुई है.
रविवार को सरकारी और चुनिंदा निजी प्रयोगशालाओं में हुई जांच में 161 नये मामलों की पुष्टि हो गई है. जिसमें से केवल तीन का विदेश यात्रा का इतिहास है जबकि शेष सभी को देश में ही संक्रमण हुआ है.
अभी तक 79,272 लोगों की जांच इस बीमारी के लिये की जा चुकी है जिसमें से 19.4 प्रतिशत मामलों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है.