पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन भारत पर 26/11 जैसे और हमलों का षड़यंत्र रच रहे हैं: मनमोहन सिंह
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 20, 2009
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अमेरिका यात्रा पर रवाना होने से पहले एक साक्षात्कार में कहा है कि उन्हें रोजाना गुप्तचर संस्थाओं से इस बात की जानकारी मिलती है कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन मुंबई जैसे दूसरे हमलों की योजना बना रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ये दु:ख की बात है कि पाकिस्तान आतंकवाद को एक नीति के तौर पर भारत के विरुद्ध प्रयोग करता रहा है.
अमेरिकी समाचार पत्र वाशिंगटन पोस्ट को दिये एक इण्टरव्यू में प्रधानमंत्री ने कहा कि वो पाकिस्तान के साथ सभी अनसुलझे मुद्दों के निपटारें के लिये तैयार हैं बशर्ते वो भारत के खिलाफ अपनी जमीन का इस्तेमाल होने से रोके.
उन्होंने कहा कि पिछले पच्चीस वर्षों से भारत पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद से पीड़ित है. ये साक्षात्कार वाशिंगटन पोस्ट में रविवार को प्रकाशित किया जायेगा जिस दिन प्रधानमंत्री अमेरिका पहुंचेंगे.