हैडली और राना से संबंधो के आरोप में पाकिस्तानी सेना का पूर्व मेज़र गिरफ्तार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 26, 2009
पाकिस्तानी अधिकारियों ने तहव्वुर हुसैन राना और डेविड कोलमैन हैडली से संबंध रखने के शक एक पूर्व सैन्य अधिकारी को गिरफ्तार किया है. एफबीआई ने हैडली और कैनेडियाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राना को लश्कर के इशारे पर भारत और डेनमार्क पर हमले का षड़यंत्र रचने के आरोप में पिछले महीने गिरफ्तार किया था. इन दोनों पर अभी शिकागो न्यायालय में मुकदमा चल रहा है.
सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने कहा कि दो साल पहले सेवा निवृत्त हुये एक मेजर को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अधिकारी हैडली और राना के संपर्क में था.
पाकिस्तानी अधिकारियों ने गिरफ्तार अधिकारी की पहचान मीडिया को नहीं बतायी है. इस अधिकारी को पाकिस्तान के छावनी शहर रावलपिण्डी से गिरफ्तार किया गया है जो राजधानी इस्लामाबाद से कुछ ही दूरी पर है.
हालांकि सेना के प्रवक्ता ने इस बात से इंकार किया कि इस मामले में सेना के कुछ मौजूदा और सेवा निवृत्त अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि ये अफवाहें उन लोगों की फैलाई हैं जो पाकिस्तानी सेना को बदनाम करना चाहते हैं.