कैगा परमाणु संयत्र के वॉटर कूलर में किसी ने जान बूझकर रेडियोधर्मी पदार्थ मिलाया: काकोदकर
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, नवम्बर 29, 2009
परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अनिल काकोदकर ने आज रविवार को कहा है कि किसी ने 'जानबूझ' नुकसान पहुंचाने के इरादे से पीने के पानी के कूलर में रेडियोएक्टिव पदार्थ ट्रिटियम को रखा जिसकी वजह से संयत्र के 50 कर्मियों को इलाज की जरूरत पड़ी थी.
डॉ. काकोदकर ने कहा इस मामले की जांच के बाद दोषी पाये गये व्यक्तियों को परमाणु ऊर्जा कानून और अन्य संबंधित कानूनों के तहत दण्डित किया जायेगा.
उन्होंने मुंबई में कहा, "किसी ने जानबूझकर ट्रीटियेटेड पानी से भरी कांच की छोटी बोतलों को पीने के पानी के कूलर में रखा. इसलिये हम लोग दूसरों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से की गई इस घटना की जांच कर रहे हैं."
कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में स्थित इस रखरखाव संयत्र में 24 नवंबर को रेडियोधर्मी पानी पीने से करीब 45-50 कर्मचारी बीमार पड़ गये थे.
अधिकारियों ने बताया कि ट्रिटियम हॉइड्रोजन का एक रेडियोएक्टिव ऑइसोटोप है जिसे संलयन परमाणु भट्टी और न्यूट्रान जेनरेटर से संबंधित शोधकार्यों में प्रयोग किया जाता है. अधिकारियों के मुताबिक रेडियोधर्मी कूलर का पानी पीने वाले सभी कर्मी काम पर लौट आये हैं.