रूसी नेताओं से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर रोक लगवाने के लिये कहेंगे मनमोहन
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, दिसंबर 04, 2009
प्रधानमंत्री ने रूस रवाना होने से पहले रूसी मीडिया को दिये साक्षात्कार में कहीं भी सीधे पाकिस्तान का नाम नहीं लिया. जिस तरह राज्यसभा में एक बहस के दौरान गृहमंत्री चिदंबरम पाकिस्तान के बजाय उसे केवल 'पड़ोसी देश' कहते रहे वैसी ही भाषा का प्रयोग प्रधानमंत्री ने भी किया.
मनमोहन सिंह ने रूसी मीडिया से कहा कि भारत का ये 'पड़ोसी देश' भारत में आतंकवाद को लगातार बढ़ावा दे रहा है. और भारत को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों को उसका समर्थन मिला हुआ है.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि एक बड़ा देश होने के नाते रूस को चाहिये कि वो अपने प्रभाव का प्रयोग करके पाकिस्तान से भारत के खिलाफ आतंकवाद का प्रयोग करने की नीति त्यागने को कहें.
उन्होंने कहा ये 'पडो़सी देश' भारत में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और आतंकवादियों को भारत पर हमला करने के लिये उकसा रहा है.
रविवार से प्रधानमंत्री का तीन दिनों का रूस दौरा शुरू हो रहा है. इस यात्रा में कुछ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है. 2004 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 6 बार रूस की यात्रा कर चुके हैं.