एफबीआई के पास राना-हैडली के मुंबई हमले से जुड़े होने के सबूत
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, दिसंबर 06, 2009
एफबीआई की एक टीम डेविड कोलमैन हेडली और तहव्वुर हुसैन राना से हुई पूछताछ के ब्योरे के साथ आज रविवार को भारत पहुंच गई और गुप्तचर अधिकारियों से मुलाकात की. एफबीआई ने संकेत दिये कि मुंबई हमले के षड़यंत्रकारियों से इन दोनों के तार जुड़े होने के सबूत उसके पास हैं.
एफबीआई ने कहा कि वो भारतीय अधिकारियों को इन दोनों से मिली ढेर सारी जानकारी मुहैया करायेगी. इसमें उन लोगों का ब्योरा भी है जो भारत से इनके संपर्क में थे. एफबीआई ने कहा कि इनमें से कुछ लोग सीधे तौर पर मुंबई हमले से जुड़े हैं.
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिका दौरे पर गये भारतीय प्रधानमंत्री को भरोसा दिलाया था कि दो हफ्ते के अंदर वो एफबीआई की टीम को भारत भेजेंगे. भारत दौरे पर पहुंची अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की टीम ने भारतीय अधिकारियों को संकेत दिये हैं कि उसके पास इन दोनों के मुंबई हमले में लिप्त होने के सबूत हैं.
एफबीआई ने पाकिस्तानी मूल के कैनेडियाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राना और पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाउद गिलानी को भारत और डेनमार्क पर हमले का षड़यंत्र रचने के आरोप में अक्टूबर में अमेरिका में गिरफ्तार किया था.