26/11 हमला मामले में अभियोजन पक्ष का काम पूरा, शुक्रवार को कसाब का बयान दर्ज किया जायेगा
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, दिसंबर 16, 2009
आर्थर रोड जेल में इस मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायालय सरकारी वकील उज्जवल निकम ने आज बताया कि इस मामले में अभियोजन पक्ष का काम पूरा हो गया है. इसके बाद न्यायालय ने शुक्रवार को मोहम्मद अजमल आमिर कसाब का बयान दर्ज करने का निर्णय लिया है.
अभियोजन पक्ष ने सबूतों की जांच और 610 गवाहों के बयान और उनसे पूछताछ का काम पूरा कर लिया है. इस मामले में एक पाकिस्तानी अजमल आमिर कसाब और दो भारतीय फहीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद मुख्य अभियुक्त हैं.
कसाब के नये वकील केपी पवार ने कहा कि मुकदमे को आगे तभी चलाया जाना चाहिये जब डॉक्टरी परीक्षण में कसाब के ठीक होने की पुष्टि हो जाये.
इस पर न्यायालय ने कसाब से जानना चाहा कि उसकी तबियत कैसी है और क्या वो बयान देने की हालत में है. कसाब ने सिर हिलाकर तबियत खराब होने की बात से इंकार किया और कहा कि वो बयान देने के लिये पूरी तरह से तैयार है.