मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, दिसंबर 23, 2009
मंगलवार को उत्तर भारत के बड़े इलाकों में ज्यादा सर्दी देखी गई. कई इलाकों में धूप नहीं निकली और धुंध और कोहरे के वजह से तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया.
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में तापमान औसत से एक से तीन डिग्री तक कम दर्ज किया गया. और पूरे क्षेत्र में तेज सर्द हवायें चलती रहीं.
हरियाणा में रोहतक सबसे ठण्डा जिला रहा. यहां पर 3.5 डिग्री सेण्टीग्रेड तापमान रहा. जबकि करनाल में तापमान पांच डिग्री पहुंच गया. दोनों ही स्थानों में ये औसत से तीन डिग्री कम रहा.
संघीय क्षेत्र चण्डीगढ़ में 6.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान गिरकर 6.4 डिग्री सेण्टीग्रेड पहुंच गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है. ये इस मौसम का सबसे कम तापमान भी है और इसकी वजह से सुबह शहर पर कोहरा छाया रहा.
मौसम विभाग ने कहा कि कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हिमपात की वजह से तापमान में गिरावट देखी जा रही है.
कश्मीर घाटी में तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है. श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेण्टीग्रेड नीचे चला गया. जबकि पहलगाम में ये शून्य से 6.2 डिग्री कम पहुंच गया. जबकि जम्मू में तापमान 4.7 डिग्री रहा.
राजस्थान में चुरू सबसे ठण्डा इलाका रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि मॉउण्ट आबू में ये 6 डिग्री सेण्टीग्रेड रहा.