तेलंगाना इलाके के 13 मंत्रियों ने इस्तीफे सोनिया को सौंपे
merisarkar news service
New Delhi, December 25, 2009
अलग तेलंगाना राज्य के गठन के लिये कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव बनाने की कोशिशों के तहत इस इलाके से आने वाले एक दर्जन से ज्यादा मंत्रियों ने अपने इस्तीफे पार्टी हाइ कमान को भेज दिये हैं.
इसके अलावा तेलंगाना समर्थकों ने वारंगल, महबूबनगर जैसे शहरों में तोड़-फोड़ और हिंसक घटनाओं को भी अंजाम दिया.
ये सभी मंत्री आज शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री के रोसैया से मिले और उन्हें अपने निर्णय की जानकारी दी. इन लोगों ने कहा कि उनके इस निर्णय का उद्देश्य केंद्र सरकार को पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के लिये समय सीमा घोषित करने के लिये मजबूर करना है.
तेलंगाना समर्थकों ने इलाके में कई जगह सड़कों पर यातायात रोक दिया और हिंसा की. क्रिसमस को देखते ईसाई समुदाय और धार्मिक नेताओं की अपील पर तेलंगाना राष्ट्रीय समिति ने दो दिनों के बंद को घटाकर केवल एक दिन का करने का निर्णय लिया था.
ये तय किया गया था कि 25 दिसंबर को बंद नहीं रखा जायेगा. लेकिन इस निर्णय का कोई असर आज तेलंगाना समर्थकों पर नहीं दिखाई पड़ा.
संयुक्त कार्यवाही समिति के कार्यकर्ताओं ने महबूब नगर जिले में नागरिक आपूर्ति विभाग के गोदाम पर हमला किया और उसमें आग लगा दी.
वारंगल में तेलंगाना समर्थकों ने सिंचाई मंत्री पी. लक्क्षमैया के घर पत्थर फेंके और नारे लगाये. बाद में पुलिस ने वहां पहुंचकर भीड़ को मंत्री के घर में घुसने से रोका. जबकि पी. लक्क्षमैया उन 13 मंत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस हाइ कमान को भेजा है.