तेलंगाना बंद से जनजीवन प्रभावित, हिंसा की खबर नहीं
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, दिसंबर 30, 2009
सर्वदलीय संयुक्त कार्यवाही समिति द्वारा बुधवार को बुलाया गया बंद आम तौर पर शांतिपूर्ण रहा. पुलिस ने कहा कि राज्य में एक दो छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से भी हिंसा का समाचार नहीं मिला है.
बंद जरूर शांतिपूर्ण रहा लेकिन इसने पूरे इलाके को ठप सा कर दिया. राज्य परिवहन निगम द्वारा इस इलाके में चलने वाली 9 हजार से भी ज्यादा बसों को सड़कों पर नहीं उतारने के फैसले से आवागमन बिलकुल ठप हो गया.
संयुक्त कार्यवाही समिति ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उसने तेलंगाना का प्रस्ताव पेश करने के लिये कोई समय सीमा निश्चित नहीं की तो आंदोलन और तेज किया जायेगा.
टीडीपी नेता एन जनार्दन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना के 4 करोड़ लोग अलग राज्य के गठन की मांग कर रहे हैं इसलिये सरकार को तुरंत इस दिशा में कुछ करना चाहिये.
तेलंगाना समर्थकों को बड़ा सहारा उस समय मिल गया जब मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस से कहा कि वो इस मामले में अपने वादे का पालन करे.
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि आंध्र प्रदेश के हालात बहुत खराब हैं और वहां की व्यवस्था और प्रशासन बिलकुल चरमरा गये हैं ऐसे में इस निर्णय को ज्यादा दिन तक टाला नहीं जा सकता है.