सभी नागरिकों को एफआईआर दर्ज कराने का अधिकार: प्रधानमंत्री
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जनवरी 06, 2010
मनमोहन सिंह
रुचिका मामले के लगातार सुर्खियों में छाये रहने की वजह से प्रधानमंत्री को इस संवेदनशील मामले में बयान देना पड़ा. उन्होंने कहा कि ये देश के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है कि वो पुलिस के पास अपनी शिकायत को प्रथम सूचना रिपोर्ट या एफआईआर के तौर पर दर्ज करा सके.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, "हाल ही में इस बात पर चिंता व्यक्त की गई है जो लोग पुलिस के पास एफआईआर दर्ज कराने के लिये जाते हैं उन्हें अवरोधों का सामना करना पड़ता है. ये समस्या इसलिये खड़ी की जाती है क्योंकि ऐसा करने में कुछ अधिकारियों का अपना हित होता है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं मानता हूं कि इन चिंताओं को जरूर हल किया जाना चाहिये. ये हर एक उस नागरिक का अधिकार है जिसे वास्तव में कोई शिकायत है और वो उसे पुलिस के पास दर्ज कराना चाहता है."
रुचिका के परिवार वालों की शिकायत को देखते हुये प्रधानमंत्री का ये बयान काफी महत्वपूर्ण हो जाता है. रुचिका के परिवार वालों ने मीडिया से कहा था कि जब पूर्व पुलिस अधिकारी एसपीएस राठौर के खिलाफ उन लोगों ने एफआईआर दर्ज करानी चाही थी तो पुलिस ने ऐसा करने के बजाय उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया था.