संजय दत्त ने समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दिया
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जनवरी 10, 2010
अमर सिंह-संजज दत्त (फाइल)
चर्चित पार्टी नेता अमर सिंह के पद चिन्हों पर चलते हुये फिल्म अभिनेता संजय दत्त ने पार्टी महासचिव पद छोड़ने की घोषणा की है. शनिवार रात मुंबई में जल्दबाजी में बुलाये गये एक संवाददाता सम्मेलन में संजय दत्त ने मीडिया से कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा अमर सिंह के साथ उचित व्यवहार नहीं करने की वजह से उन्होंने ने ये कदम उठाया है.
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि जबतक अमर सिंह पार्टी में है वो भी पार्टी नहीं छोड़ेंगे.
संजय दत्त ने कहा कि पार्टी नेता और मुलायम सिंह के चचेरे भाई राम गोपाल यादव के इस बयान से वो आहत हुये हैं कि उत्तर प्रदेश में किसी भी सीट पर पार्टी की जीत में उनके प्रचार करने का कोई योगदान नहीं था.
संजय दत्त ने अप्रैल 2009 में सपा की सदस्यता ली थी और उन्हें पार्टी महासचिव का पद सौंपा गया था. संजय दत्त के समाजवादी पार्टी में शामिल होने को नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस के लिये एक बड़ा झटका माना गया था क्योंकि संजय के पिता सुनील दत्त के नेहरू गांधी परिवार से निकट के रिश्ते थे और संजय की बहन प्रिया अभी भी कांग्रेस सांसद हैं.
इसके बाद अप्रैल-मई में हुये आम चुनाव में संजय ने पार्टी के पक्ष में जमकर प्रचार भी किया था.
दिल्ली में रामगोपाल यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया जताते हुये इसे दु:खद बताया है. हालांकि अमर सिंह के प्रति रामगोपाल यादव के रवैये में कोई परिवर्तन नहीं दिखा.
रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को अविलम्ब अमर सिंह का त्यागपत्र स्वीकार कर लेना चाहिये.