8 राज्यों में नये राज्यपाल: एम के नारायणन पं. बंगाल और शिवराज पाटिल पंजाब के नये राज्यपाल
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जनवरी 17, 2010
एम. के. नारायणन
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने नये राज्यपालों की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है. 75 वर्षीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम के नारायणन को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल बनाया गया है जबकि पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल को राज्यपाल बनाकर पंजाब भेजा जा रहा है.
एम. के. नारायणन इन्टेलिजेन्स ब्यूरो के मुखिया भी रह चुके हैं. उन्होंने पांच वर्ष तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के पद की जिम्मेदारी संभाली. अब इस पद के लिये पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन और शिवशंकर मेनन के नाम की चर्चा चल रही है.
नवंबर 2008 में मुंबई हमलों के बाद आलोचनाओं का शिकार बने तत्कालीन गृहमंत्री शिवराज पाटिल को इस्तीफा देना पड़ा था. राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक वक्तव्य के अनुसार उन्हें संघीय क्षेत्र चण्डीगढ़ के प्रशासक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है.
शिवराज पाटिल
झारखण्ड के राज्यपाल के. शंकरनारायण को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे नागालैण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एस.सी. जमीर का स्थान लेंगे. कांग्रेस नेता एम. ओ. एच. फारुक को झारखण्ड का नया राज्यपाल बनाया गया है.
पाण्डिचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री फारुक पीवी नरसिंहराव की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं.
पूर्व रक्षा सचिव शेखर दत्त को छत्तीसगढ़ का नया राज्यपाल बनाया गया है. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है. वो नारायण दत्त तिवारी के इस्तीफे के बाद खाली हुये इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे.
वरिष्ठ कांग्रेस नेता उर्मिला सिंह को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है. हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल प्रभा राउ को राजस्थान का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
शुक्रवार को प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी की बैठक में नये नामों को मंजूरी दी गई थी.