कृतज्ञ राष्ट्र ने नेताजी को उनकी 113वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जनवरी 23, 2010
'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आजादी दूंगा'
'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आज़ादी दूंगा' उनका ये नारा आज भी युवाओं में जोश और दीवानगी भर देता है. महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद सेना के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 113वीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस मौके पर भारी संख्या में लोग उनके दक्षिण कोलकाता स्थित पैतृक मकान पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिये पहुंचे.
इस अवसर पर कोलकाता स्थित उनकी प्रतिमा के निकट एक राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बोलते हुये पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धादेब भट्टाचार्जी ने केंद्र सरकार से इस दिन को देशभक्ति दिवस घोषित करने की मांग की.
हालांकि श्री भट्टाचार्ची ने इस अवसर पर स्वीकार किया कि नेताजी के योगदान का आकलन करने में कम्युनिस्ट पार्टियों से चूक हुई थी.
दिल्ली, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर प्रार्थना सभायें आयोजित कर देश के इस महान सपूत को याद किया और कई जगहों पर उनकी याद में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया गया.