2010 में 40 से ज्यादा वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट होंगे रिटायर
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जनवरी 28, 2010
राजस्व सचिव पीवी भिडे
इस साल सरकार में बिलकुल शीर्ष पर व्यापक फेर बदल होना तय है. कम से कम 43 वरिष्ठ नौकरशाह इस वर्ष सेवानिवृत्त हो रहे हैं इनमें से कई संघीय सरकार में सचिव स्तर के अधिकारी भी हैं.
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में नौकरशाहों के रिटायर होने को सरकारी हलकों में असामान्य माना जा रहा है. सरकार की नीतियों की वजह से 1976 बैच के अधिकारी इस समय करीब 90 महत्वपूर्ण पदों पर विराजमान हैं.
खाली होने वाले पदों में 12 पद अतिरिक्त सचिव स्तर के हैं जबकि 70 से ज्यादा पद संयुक्त सचिव स्तर पर खाली होंगे.
जानकारों के अनुसार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति से प्रशासन में उच्च स्तर पर खालीपन आना स्वाभाविक है जिसका असर सरकार की नीतियों और कामकाज पर दिखायी पड़ सकता है.
जानकारों को आशंका है इतने व्यापक फेरबदल के बाद सरकार के सहयोगी दल अपनी पसंद के नौकरशाहों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाने के लिये जोड़-तोड़ कर सकते हैं जिसका सीधा असर नीतियों पर दिखायी देगा.