सरकार कोल इण्डिया में 10-15 प्रतिशत का विनिवेश करेगी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, फरवरी 01, 2010
6 महीनों में 10-15 का विनिवेश: जायसवाल
कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने सोमवार को कहा है कि सरकार भारत के सबसे बड़े कोयला उत्पादक कोल इण्डिया लिमिटेड में अपनी 10-15 प्रतिशत हिस्सेदारी जल्दी ही बेच देगी. इस समय कोल इण्डिया का 100 प्रतिशत स्वामित्व केंद्र के पास है.
कोयला राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा, "ये प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है. और अगले छह महीनों में कोल इण्डिया के 10-15 प्रतिशत शेयर बेच दिये जायेंगे."
पिछले सप्ताह ही कोल इण्डिया के अध्यक्ष पीके भट्टाचार्य ने कहा था कि कानूनी अड़चनों की वजह से कोल इण्डिया के दस प्रतिशत से ज्यादा शेयर नहीं बेचे जा सकते हैं.
इस महीने कोल इण्डिया, विनिवेश विभाग और कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी इस प्रक्रिया पर आगे की कार्यवाही के लिये पूंजी बाजार नियामक सेबी के अधिकारियों से मिल रहे हैं ताकि कंपनी को पूंजी बाजार में सूचीबद्ध कराया जा सके.
श्रीप्रकाश जायसवाल ने उम्मीद जतायी कि कोयला क्षेत्र में 7-8 प्रतिशत की विकास दर दिखाई देगी जोकि विकसित देशों की तीन प्रतिशत वार्षिक विकास दर से कहीं ज्यादा होगी.