नौकरी ढूंढ़ने वालों के लिये अच्छी खबर, दो तिहाई से ज्यादा भारतीय कंपनियां नये लोगों को काम पर रख रही हैं
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, फरवरी 03, 2010
दो तिहाई कंपनियां काम दे रही हैं
रोजगार एजेंसी अंटल द्वारा कराये गये एक विश्वव्यापी अध्ययन के अनुसार भारत की 71 प्रतिशत कंपनियां नये लोगों को काम पर रख रही हैं. ये अध्ययन हर तिमाही में कराया जाता है.
अंटल के अध्ययन में 30 देशों की 6 हजार कंपनियों का सर्वेक्षण किया गया. इसमें कंपनियों से पूछा गया था कि क्या वो प्रबंधक स्तर पर और प्रोफेशनल्स को नौकरी पर रख रही हैं या फिर निकट भविष्य में ऐसा करने का इरादा रखती हैं.
सर्वेक्षण में पाया गया कि 71 प्रतिशत भारतीय कंपनियां इस समय नये लोगों को काम पर रख रही हैं. जबकि पिछले साल सितंबर में केवल 35 प्रतिशत भारतीय कंपनियां ही नये लोगों को रोजगार दे रही थीं.
अंटल के अंतरराष्ट्रीय पार्टनर जोसेफ डेवसिया ने कहा, "भारतीय रोजगार क्षेत्र में आत्मविश्वास फिर से पुराने स्तर पर वापस आ गया है और ये नौकरी ढूंढ़ने वालों के लिये खुशी की ख़बर है."
सर्वे में पाया गया है कि कंपनियां भविष्य में और लोगों को काम पर रखने का इरादा बना रही हैं. सर्वे में भाग लेने वाली 78 कंपनियों ने कहा कि अगले तीन महीनों में वो प्रबंधक स्तर पर लोगों को रखने की योजना पर काम कर रही हैं.