सिनेमाघर मालिकों ने माय नेम इज़ ख़ान की बुकिंग बंद की, एक हज़ार से ज्यादा शिवसैनिक गिरफ्तार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, फरवरी 10, 2010
माफी मांगे शाहरुख़ ख़ान: शिवसेना
शिवसेना की धमकी को देखते हुये सिनेमाघर मालिकों ने 12 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म के टिकटों की अग्रिम बुकिंग को रोक दिया है.
अकेले मुंबई में ही 63 सिनेमाघरों में इस शुक्रवार को इस फिल्म को रिलीज किया जाना था.
हंगामे की आशंका को देखते हुये अशोक चाह्वाण सरकार शिवसेना पर सख़्ती बरत रही है. पुलिस ने शिवसेना के एक हज़ार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने कहा, "24 घण्टों में एक हजार तेइस शिवसैनिकों को हिरासत में लिया गया है. जिसमें नौ सौ पचपन को सावधानी वश गिरफ्तार किया गया है. जबकि बाकी को अन्य धाराओं में बंद किया गया है जिसमें सिनेमाघरों में तोड़-फोड़ का मामला भी शामिल है."
फिल्म की रिलीज से पहले विवाद
शिवसेना ने अपनी धमकी को फिर दोहराया है कि यदि शाहरुख़ अपना बयान वापस नहीं लेते तो उनकी फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जायेगा.
शिवसेना आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मौका दिये जाने की वकालत करने पर शाहरुख़ खा़न पर कुपित है.
पार्टी अध्यक्ष बाला साहब ठाकरने ने सामना में लिखा था कि शाहरुख़ को कराची चले जाना चाहिये.
पार्टी नेता मनोहर जोशी ने कहा कि शाहरुख़ ख़ान को अपने बयान के लिये बाला साहब ठाकरे से माफी मांगनी होगी तभी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति दी जायेगी.