पुणे बम हमले के संबंध में चार गिरफ्तार, मृतक संख्या दस पहुंची
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, फरवरी 16, 2010
आरडीएक्स का प्रयोग हुआ: पुलिस आयुक्त
पुणे के जर्मन बेकरी रेस्त्रां पर बम हमले के तीन दिन बाद महाराष्ट्र पुलिस इस संबंध में इण्डियन मुज़ाहिदीन के चार संदिग्ध सदस्यों को पुणे और औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने कहा कि एक संदिग्ध को पुणे के जनवादी इलाके से गिरफ्तार किया गया है जबकि दूसरे को पींपरी औद्योगिक इलाके में पकड़ा गया.
अधिकारियों ने कहा इनमें से एक का इण्डियन मुजाहिदीन के मुखिया रियाज भटकल से संबंध था. जबकि दो अन्य संदिग्धों को राज्य के औरंगाबाद जिले से गिरफ्तार किया गया है.
पुणे के पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने कहा कि सोमवार रात को उनको फोरेन्सिक जांच की रिपोर्ट मिल गयी है जिससे साफ है कि इस हमले में आरडीएक्स और अमोनियम नॉइट्रेट का प्रयोग किया गया है. है.
पुलिस ने कहा कि जर्मन बेकरी के ठीक सामने बने एक पांच सितारा होटल से मिले सीसीटीवी फुटेज़ में बम रखने के लिये आये दो हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं. अधिकारियों ने कहा कि इसमें से एक बैग लिये हुये था जबकि दूसरा मोबाइल पर बात कर रहा था.
ये दोनों विस्फोटकों से भरा बैग रखने के तुरंत बाद एक आटो रिक्शे के जरिये वहां से फरार हो गये थे.
मंगलवार को लखनऊ के 24 वर्षीय अभिषेक सक्सेना की मौत होने के बाद इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी है. अभिषेक सक्सेना शनिवार को हुये इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था.