महिला आरक्षण विधेयक को पारित करवाना बड़ी चुनौती : मीरा कुमार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, 26 फरवरी, 2010
महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दिलाना कठिन चुनौती: मीरा कुमार
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने माना है कि संसद और राज्य विधायिकाओं में महिलाओं को एक तिहाई सीटें आरक्षित करवाना बहुत मुश्किल रहने वाला है. उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी को साथ लेकर चलने की जरूरत है.
मीरा कुमार ने कहा, "इसको पारित करवाने के लिये सर्वसहमति बेहद जरूरी है."
उन्होंने कहा कि हालांकि यह काम मुश्किल जरूर है लेकिन इसके लिये चलाया गया आंदोलन रफ्तार पकड़ रहा है.
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि पहले राज्यसभा में इस मुद्दे पर विचार होगा. हमें देखना होगा कि इस विधेयक का वहां क्या होता है.
कल गुरुवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई कैबिनेट की बैठक में केन्द्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी थी.
संसद और राज्य विधानसभा में महिलाओं का आरक्षण दिये जाने का मामला पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से लटका हुआ है.
समाजवादी पार्टी और जनता दल (संयुक्त) जैसे कुछ क्षेत्रीय राजनीतिक दल पिछड़े वर्ग की महिलाओं को इसमें कोटे के अंदर कोटा दिये जाने की मांग कर रहे हैं.