महाराष्ट्र गोवा के मुख्य महाडाकपाल मंजीत बाली रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, 25 फरवरी, 2010
महाराष्ट्र का चीफ पोस्टमास्टर जनरल मंजीत बाली रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार
केन्द्रीय जांच ब्यूरो ने महाराष्ट्र और गोवा के चीफ पोस्ट मॉस्टर जनरल मन्जीत बाली को 2 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया है.
मन्जीत बाली 1978 बैच के भारतीय डाक सेवा के अधिकारी हैं. मन्जीत बाली पर आरोप है कि थाणे जिले में एक डाक घर के निर्माण के लिये अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के लिये उसने कथित तौर पर दो करोड़ रुपये मांगे थे.
सीबीआई ने मन्जीत बाली के दक्षिण मुंबई स्थित निवास से 34 लाख रुपये नकद, 10,722 अमेरिकी डॉलर, 3050 ब्रिटिश पाउण्ड और 3470 यूरो बरामद किये हैं.
मन्जीत बाली के फरीदाबाद और दिल्ली स्थित मकानों पर तलाशी का काम जारी था. सीबीआई ने एक पिता-पुत्र अरुण और हर्ष डालमिया को बिचौलिये की भूमिका निभाने के लिये गिरफ्तार किया है.
मीरा भायन्दर इलाके की पूर्व सभासद रीता शाह ने सीबीआई से इस बात की शिकायत की थी कि मन्जीत बाली उस इलाके में डाकघर के निर्माण के लिये कथित तौर पर रिश्वत मांग रहे हैं.