राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, 27 फरवरी, 2010
जामा मस्जिद (फाइल फोटो)
इस्लाम धर्म के प्रवर्तक पैंगबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन को देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर प्रमुख मस्जिदों में विशेष मजलिसों का आयोजन किया गया और देश के कई शहरों में जुलूस निकाले गये.
इन बैठकों में वक्ताओं ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन चरित्र के बारे में श्रद्धालुओं को जानकारियां दी.
मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस्लाम के अनुयाइयों से पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर चलने को कहा.
राजधानी दिल्ली में पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर एक बड़ा जुलूस निकाला गया. जो सदर बाजार से बाड़ा हिन्दू राव होते हुये जामा मस्जिद पर समाप्त हुआ.
इस अवसर पर राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने लोगों को शुभकामनायें दीं.
राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों को पैगंबर मोहम्मद साहब के बताये हुये प्रेम और शांति के रास्ते पर चलना चाहिये.
उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने मानवता को दयालुता, सहनशीलता, प्रेम, भाई चारे और न्यायप्रियता का संदेश दिया है.
जम्मू-कश्मीर में हजारों लोगों ने कड़ाके की ठण्ड के बावजूद हजरत बल दरगाह में रात भर चली विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया.