प्रतापगढ़ में कृपालु महाराज के आश्रम में भगदड़ से 65 की मौत
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मार्च 04, 2010
37 बच्चों और 28 महिलाओं की मौत
उत्तर प्रदेश के मनगढ़ में स्थित 'कृपालु महाराज' के आश्रम का मुख्य द्वार गिरने से वहां उपस्थित लोगों में भगदड़ मच गयी जिसकी वजह से 65 लोगों की कुचलकर मौत हो गयी. अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों में 37 महिलायें और 26 बच्चे शामिल हैं.
रिपोर्टों में कहा गया है कि 400 अन्य लोग कुचलने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गये हैं जिन्हें प्रतापगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. दो गंभीर रूप से घायल बच्चों को इलाज के लिये इलाहाबाद लाया गया है.
अधिकारियों ने कहा कि कृपालु महाराज की पत्नी की पुण्यतिथि के अवसर पर बांटे जाने वाले भोजन और सामान को लेने के लिये भारी भीड़ एकत्रित थी. ये दुर्घटना उस समय हुई जब दिन में ग्यारह बजे मुख्य द्वार पर भीड़ का दबाव बहुत बढ़ने की वजह से प्रबंधकों ने मंदिर का दरवाजा खोलने का निर्णय लिया.
दरवाजा खुलते ही भीड़ एकसाथ मंदिर में घुसने की कोशिश करने लगी जिससे भगदड़ मच गयी जिसके दबाव से राम जानकी मंदिर का निर्माणाधीन दरवाजा गिर गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कई लोगों की मौत पास में बने एक कुयें में गिरने से हुयी है.
मंदिर के संचालकों ने कहा कि उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित करने के लिये आयोजन की सूचना एक पत्र के जरिये अधिकारियों को दे दी थी. जबकि अधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गयी थी.
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने दो मंत्रियों को राहत कार्य पर निगरानी के लिये मनगढ़ भेजा है. सरकार ने इस मामले में एक आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश भी दिया है.