2050 तक सरकार को उखाड़ फेंकने की माओवादियों की योजना: गृहसचिव
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मार्च 05, 2010
माओवादियों का चार-पांच दशकों में सत्ता पर कब्जे का इरादा: गृहसचिव
ऐसा पहली बार है कि किसी वरिष्ठ अधिकारी ने औपचारिक तौर पर स्वीकार किया है कि माओवादी सशस्त्र संघर्ष के जरिये सत्ता हथियाने के अपने दीर्घकालिक लक्ष्य पर काम कर रहे हैं.
गृहसचिव जीके पिल्लई ने आज दिल्ली में एक सेमिनार में कहा कि माओवादियों का इरादा अगले चालीस-पचास सालों में लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सरकार को उख़ाड़ कर सत्ता पर कब्जा करने का है.
यह भी पहली बार है कि सरकार के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने माना है कि माओवादियों को भूतपूर्व सैनिकों की मदद मिल रही है. उन्होंने कहा, "हो सकता है कि कुछ पूर्व सैनिक भी माओवादियों की कार्यवाहियों को अंजाम देने में मदद कर रहे हों."
हालांकि श्री पिल्लई ने स्पष्ट किया कि अगले चार-पांच वर्षों में सरकार को पलटने का माओवादियों का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि माओवादियों से बरामद साहित्य के अनुसार वे 2050 या 2060 तक सत्ता पर नियंत्रण करने के लक्ष्य के तहत काम कर रहे हैं.