पाकिस्तानी फौज के अधिकारी 26/11 हमले में शामिल थे: उज्ज्वल निकम
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मार्च 09, 2010
मुंबई की आर्थर रोड जेल में इस मामले की सुनवाई कर रहे एक विशेष न्यायायल के सामने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने यह आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी थलसेना इस हमले का षड़यंत्र रचने में शामिल थी.
श्री निकम के अनुसार पाकिस्तान सेना के एक मेजर जनरल ने इस काम के लिये चुने गये आतंकवादियों को प्रशिक्षित करने में मुख्य भूमिका निभायी थी.
उज्ज्वल निकम ने कहा अजमल कसाब और हमले के दौरान पुलिस और एनएसजी के हाथों मारे गये उसके नौ साथियों को लश्कर के पाकिस्तान स्थित प्रशिक्षण शिविरों में प्रशिक्षित किया गया था जिसकी निगरानी पाक थलसेना के कुछ वरिष्ठ अधिकारी कर रहे थे.
श्री निकम ने कहा, "इस हमले का षड़यंत्र पाकिस्तान की जमीन पर रचा गया था और कोई भी इसका निष्कर्ष यही निकालेगा कि वहां की सरकार इसमें शामिल थी."
उन्होंने आगे कहा, "पूछताछ के दौरान कसाब ने स्वीकार किया था कि प्रशिक्षण के समय पाकिस्तानी सेना का एक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद था लेकिन हमलावरों को उसका नाम इसलिये नहीं बताया गया क्योंकि इस उच्चाधिकारी से संबंधों को लश्कर राज ही रखना चाहता था."