मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मार्च 29, 2010
सख़्त पूछताछ हुयी: नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी ने 2002 में गुजरात में हुये दंगों के दौरान अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसायटी में पूर्व कांग्रेस सांसद अहसान ज़ाफरी की हत्या के संबंध में एसआईटी द्वारा उनसे 9 घण्टे चली पूछताछ को सख़्त क़रार दिया है.
नरेंद्र मोदी ने एसआईटी की पूछताछ के दौरान उनका समर्थन करने के लिये गुजरात की जनता का आभार भी व्यक्त किया है.
नरेंद्र मोदी ने अपने ब्लॉग में लिखा, "मैं कल के मुश्किल भरे क्षणों में आपकी भावनाओं और चिंता के लिये आपका दिल से आभार प्रकट करता हूं. इस घटना के बाद भगवान मुझे और शक्ति दें."
मोदी ने लिखा, "एसआईटी द्वारा मुझसे रात के एक बजे तक पूछताछ किये जाने पर आप लोगों का परेशान होना स्वाभाविक है."
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित एसआईटी को तीस अप्रैल तक इस मामले में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.