भारत चीन के प्रधानमंत्रियों के बीच सीधी हॉट लाइन स्थापित करने पर दोनों देशों में समझौता
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अप्रैल 07, 2010
भारत-चीन के प्रधानमंत्रियों के लिये सीधी हॉट लाइन पर समझौता
जानकार इसे परस्पर विश्वास बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं. ऐसा कई वर्षों के बाद हुआ है जब भारत ने किसी पड़ोसी देश के साथ इस तरह की सीधी हॉट लाइन बिछाने के लिये समझौता किया है.
चार दिनों की चीन यात्रा पर गये भारतीय विदेशमंत्री एस. एम. कृष्णा और उनके चीनी समकक्ष यांग जाइची ने आज बुधवार को राजधानी बीजिंग में इस समझौते पर हस्ताक्षर किये.
श्री एस. एम. कृष्णा ने चीनी नेताओं के साथ पहले दौर की बातचीत के बाद इस समझौते पर हस्ताक्षर किये.
इस समझौते के तहत दोनों देशों के प्रधानमंत्री कार्यालयों के बीच सीधी टेलीफोन लाइनें बिछायी जायेंगी जिसके बाद दोनों नेता बिना किसी प्रतीक्षा के सीधे एक दूसरे से बात कर सकेंगे.
इस यात्रा में भारतीय पक्ष ने नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास द्वारा जम्मू-कश्मीर के निवासियों को स्टैपल किया हुआ वीज़ा जारी करने का मुद्दा भी चीन सरकार के सामने रखा.
इसके अलावा पाक-अधिकृत कश्मीर में चीन सरकार की सहायता से जारी परियोजनाओं का मुद्दा भी भारत ने चीन के सामने रखा.