घरेलू कारों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 25 प्रतिशत की वृद्धि
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अप्रैल 09, 2010
इस वित्तीय वर्ष में कारों की बिक्री में 25% की वृद्धि
सोसायटी ऑफ इण्डियन ऑटोमोबिल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अनुसार वित्तीय वर्ष 2009-10 में देश में कुल पंद्रह लाख तीस हजार घरेलू कारों की बिक्री हुयी जो कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत ज्यादा है.
सियाम ने एक वक्तव्य में कहा कि 2010 मार्च में कार निर्माताओं ने एक लाख पचपन हजार घरेलू कारें बेचीं जो कि पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में 20 प्रतिशत की वृद्धि है.
इस साल मार्च में मोटर सायकलों की बिक्री में पिछले वर्ष इसी अवधि के मुकाबले में 35.7 की वृद्धि दर्ज की गयी.
लेकिन सियाम के अध्यक्ष पवन गोयनका ने कहा कि 2008-09 में वैश्विक आर्थिक मंदी की वजह से कारों की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गयी थी. उन्होंने कहा कि उसी की भरपाई इस वित्तीय वर्ष में हुयी है जिसकी वजह से लगता है कि बिक्री में वाकई बहुत ज्यादा वृद्धि हुयी है.
इस साल मार्च में व्यवसायिक वाहनों की बिक्री में पिछले मार्च की तुलना में 61.16 प्रतिशत की बढ़त हुयी और यें आंकड़ा बढ़कर 67,362 पहुंच गया.
इस मार्च में कुल 1.23 लाख वाहनों की बिक्री हुयी जो की पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में 37.23 प्रतिशत की वृद्धि है.
वाहनों, विशेषकर वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में वृद्धि को आर्थिक व्यवस्था की सेहत मापने का बेहतर पैमाना माना जाता है.