सरकार दूसरी पीढ़ी के अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक और आकाश प्रक्षेपास्त्र का विकास करेगी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मई 13, 2010
सरकार ने प्रस्तावित रक्षा तकनीक आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है. सरकार ने कहा कि इस कदम से देश में रक्षा अनुसंधान और विकास को बढ़ावा मिलेगा साथ ही सरकार ने स्पष्ट किया कि उसने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) को अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक और आकाश प्रक्षेपास्त्रों की दूसरी पीढ़ी को विकसित करने के लिये मंजूरी दे दी है.
हाल ही में राजस्थान में रूसी टी-90 और अर्जुन के तुलनात्मक परीक्षण में अर्जुन की क्षमता की काफी सराहना हुयी थी. इसी के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है. इससे यह भी संकेत मिल रहे हैं कि थलसेना भविष्य में और अर्जुन टैंकों को अपने में शामिल कर सकती है.
थलसेना पहले ही 124 अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक खरीदने का निर्णय ले चुकी है जिसमें से 50 को पिछले साल सेना को औपचारिक रूप से सौंपा भी जा चुका है.
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि रक्षा मंत्री और सभी सेनाध्यक्ष इस प्रस्तावित रक्षा तकनीक आयोग का हिस्सा होंगे.
नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीतांशु कार ने रक्षा मंत्री के हवाले से कहा, "एक नये रक्षा तकनीक विकास आयोग का गठन किया जायेगा और रक्षा मंत्री इसके अध्यक्ष होंगे. डीआरडीओ स्थित एक सचिवालय इस आयोग की सहायता करेगा."