नेटग्रिड (NATGRID) की स्थापना में निजता के सभी मुद्दों का ध्यान रखा जायेगा: सरकार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मई 13, 2010
नेटग्रिड प्रणाली पर प्रधानमंत्री की निगरानी
गृहमंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सरकार बहुत तेजी से काम कर रही है लेकिन इसकी संवेदनशीलता को देखते हुये इसके कामकाज पर प्रधानमंत्री के सीधे नियंत्रण में काम करने वाली कैबिनेट की रक्षा मामलों की समिति के जरिये निगरानी रखी जायेगी.
अधिकारियों ने कहा कि इसका उद्देश्य संवेदनशील जानकारी और आंकड़ों के दुरुपयोग को रोकना है.
नेटग्रिड परियोजना का उद्देश्य अलग-अलग गुप्तचर और जांच एजेंसियों के पास उपलब्ध जानकारी को एक साथ जोड़ना. अगले साल के मध्य तक इस परियोजना के क्रियान्वित होने की उम्मीद है.
गृहमंत्रालय के एक अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, "इस जानकारी को हासिल करने के लिये संबंधित अधिकारियों को एक अधिकृत कूट शब्द चाहिये होगा. और हम इस बात का रिकॉर्ड रखेंगे कि किस अधिकारी ने कौन सी जानकारी देखी है."
उन्होंने कहा कि सरकार केवल अलग-अलग विभागों के पास मौजूद जानकारी को एकीकृत कर रही है और आम लोगों के कोई नई जानकारी इसके लिये नहीं मांगी जायेगी.