दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने बस को बारूदी सुरंग से उड़ाया, 40 की मौत
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, मई 17, 2010
मृतकों की संख्या बढ़ सकती है
सप्ताह के पहले ही दिन नक्सली हिंसा ने 40 लोगों की जिंदगी छीन ली है. नक्सलियों ने मध्य भारत स्थित छत्तीसगढ़ राज्य में एक बस को सड़क के नीचे बारूदी सुरंग बिछाकर उड़ा दिया जिसमें कई विशेष पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम चालीस लोगों के मरने की पुष्टि हो गयी है.
यह बस छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में गदिरा से भुसारस जा रही थी. जिस जगह माओवादियों ने इसे निशाना बनाया है वह जगह राजधानी रायपुर से करीब 400 किलोमीटर दूर है.
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस बस में यात्रा कर रहे विशेष पुलिस अधिकारी दंतेवाड़ा पुलिस के साथ सम्बद्ध थे.
यह हमला पांच राज्यों में माओवादियों के दो दिनों का बंद शुरू होने से ठीक पहले किया गया है. नक्सलियों ने सरकार के माओवादी अभियान के विरोध में छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में बंद की घोषणा की हुयी है.
माओवादियों ने करीब महीने भर पहले इसी जिले में घात लगाकर किये एक हमले में केंद्रीय आरक्षित पुलिस बल के 75 जवानों सहित 76 सुरक्षाकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया था.
गृहसचिव जी. के. पिल्लई ने घटना की कड़ी निंदा की है.