प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने ने यूपीए सरकार का रिपोर्ट कॉर्ड जारी किया
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जून 01, 2010
रिपोर्ट कॉर्ड जारी किया
मंगलवार को नई दिल्ली में यूपीए की दूसरी सरकार का पहला वर्ष पूरा होने के मौके पर रिपोर्ट कॉर्ड जारी करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नक्सल इलाकों में सख्ती से अपना राज कायम करेगी. हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार इन इलाकों के विकास की आवश्यकता को बिलकुल निचले स्तर तक पूरा करने की कोशिश करेगी.
उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार सांप्रदायिकता और राजनीतिक अतिवाद की चुनौती से निपटेगी ताकि एक बहुलवादी और मुक्त राष्ट्र की स्थापना की जा सके.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर चुनौतियों के बावजूद इस साल आर्थिक विकास की दर 8.5 प्रतिशत रहेगी.
हालांकि प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया कि महंगाई दर का ऊंचे स्तर पर बने रहना उनकी सरकार के लिये चिंता की बात है. हालांकि उन्होंने कहा कि कीमतों में नरमी आने के संकेत दिखने लगे हैं और सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि महंगाई पर काबू पाया जा सके.
विदेश नीति पर बोलते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारत के पड़ोस में ऐसे वातावरण का निर्माण करना है जिससे दीर्घकाल में समूचे क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि आ सके.
प्रधानमंत्री ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मिलकर का रिपोर्ट कार्ड जारी किया. इसमें सरकार द्वारा लिये गये महत्वपूर्ण निर्णयों और नीतियों की जानकारी जनता के सामने पेश की गयी है.