तलाक लेना आसान हुआ, कैबिनेट ने हिंदू विवाह अधिनियम में बदलाव को मंजूरी दी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जून 10, 2010
कैबिनेट ने कानून में संशोधन को मंजूरी दी
केंद्रीय कैबिनेट ने बृहस्पतिवार को हिंदू विवाह अधिनियम 1955, और विशेष विवाह अधिनियम 1954 में बदलावों को अपनी मंजूरी दे दी है. सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि जिन हालातों में पति-पत्नी के लिये साथ रहना संभव नहीं रह गया है उनमें अब तलाक लेना आसान हो जायेगा.
उन्होंने कहा कि विवाह विच्छेद आपसी सहमति से ही किया जायेगा लेकिन इसमें एक पक्ष दूसरे पक्ष को प्रताड़ित नहीं कर पायेगा.
कई बार विवाह विच्छेद के मुकदमों में ऐसा देखा गया था कि दूसरा पक्ष तारीखों पर हाजिर ही नहीं होता था और नयी तारीखें पड़ती रहती थीं.