भारत ने कश्मीर में अशांति भड़काने के लिये लश्कर को जिम्मेदार ठहराया
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जून 29, 2010
लश्कर भड़का रहा है संघर्ष: चिदंबरम
गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिबंधित आतंकी संगठन कश्मीर घाटी में अशांति भड़काने का काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सोपोर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकवादी मारे गये हैं.
कश्मीर घाटी में उग्र प्रदर्शनों और पत्थर चलाने की घटनाओं को नियंत्रण करने में पिछले करीब 20 दिनों में में सुरक्षा बलों के हाथों मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है जबकि सीआरपीएफ के 53 जवान घायल हुये हैं.
राज्य सरकार ने कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर कर्फ्यू को और बढ़ा दिया है. मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की थी कि वो घरों से नहीं निकले.
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री निवास पर हुई एक आपात बैठक में केंद्र ने स्थिति को नियंत्रण करने में राज्य को पूरी सहायता करने का भरोसा दिलाया है.
गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि हालांकि केंद्र और राज्य सरकार स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिये सख्त कदम उठायेगी लेकिन सीआरपीएफ को बल प्रयोग करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है.