सरकार ने अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की संभावना को देखते हुये सुरक्षा बढ़ायी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जुलाई 11, 2010
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कश्मीर घाटी में मौजूद आतंकवादियों और उनके पाकिस्तानी नियंत्रकों के बीच की बातचीत की रिकॉर्डिंग से इस बात की पुष्टि होने के बाद सरकार ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया है.
भारतीय खुफिया एजेंसियों द्वारा रिकॉर्ड की गई बातचीत से स्पष्ट होता है कि आतंकवादी अमरनाथ यात्रा पर हमले की योजना बना रहे हैं. नई दिल्ली में एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि आतंकवादियों को पता है कि सुरक्षा बलों का ध्यान इस समय कश्मीर घाटी में हिंसा और उपद्रव को काबू करने पर है और इसी का फायदा उठाकर वे लोग अमरनाथ यात्रा पर हमला कर सकते हैं.
केंद्र सरकार ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिये अर्धसैनिक बलों के 8,500 जवानों को तैनात कर रखा है. पिछले वर्ष की तुलना में अमरनाथ यात्रा के लिये केंद्रीय बलों के 6,300 जवानों को तैनात किया गया था.
इस बार यात्रा के लिये संपूर्ण भारत वर्ष से करीब 2 लाख 90 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया है. ये यात्रा 25 अगस्त को समाप्त हो रही है.