हुर्रियत की शहीदी दिवस यात्रा विफल, सोपोर और बारामालू में कर्फ्यू दोबारा लगाया गया
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जुलाई 13, 2010
हुर्रियत का शहीदी जुलूस का कार्यक्रम विफल
कश्मीर घाटी में मंगलवार को शांति बनी रही और सुरक्षा बल अलगाववादी संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेन्स के विभिन्न धड़ों द्वारा शहीदी दिवस पर प्रस्तावित कार्यक्रमों और जुलूसों को विफल करने में सफल रहे. हालांकि अधिकारियों ने सोपोर कस्बे और श्रीनगर के बाटामालू इलाके में कर्फ्यू दोबारा लगा दिया है.
अधिकारियों ने श्रीनगर और दूसरे मुख्य शहरों में बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात तो किया ही था साथ ही साथ लोगों को एकत्रित होने से रोकने के लिये उन्होंने कई क्षेत्रों में धारा 144 के प्रावधानों को लागू कर रखा था.
लेकिन अलगाववादी दलों की हड़ताल की अपील की वजह से घाटी के कई क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा.
मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला और दूसरे नेता इस अवसर पर उन लोगों की कब्रों पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचे जिन्होंने डोगरा शासन का विरोध करते हुये 13 जुलाई 1931 को अपनी जान दे दी थी.