पश्चिम बंगाल में भयानक रेल दुर्घटना में 60 लोगों की मृत्यु
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जुलाई 19, 2010
60 लोगों की मौत की पुष्टि
राज्य के बीरभूम जिले में स्थित सैंथिया स्टेशन के पास सोमवार सुबह हुई इस दुर्घटना में कम से कम 60 लोगों की मौत होने और 90 से अधिक के घायल होने की पुष्टि हो गई है. अधिकारियों ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह मामला मानवीय चूक का लगता है. उन्होंने कहा कि उत्तरबंगा के चालकों से सिगनल को देखने में गलती हुयी जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई.
सोमवार तड़के सियालदह जा रही उत्तरबंग एक्सप्रेस ने रांची जा रही वनांचल एक्सप्रेस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में उत्तरबंगा एक्सप्रेस के चालक एम. सी. डे और सह-चालक एन. के. मण्डल और वनांचल एक्सप्रेस के गॉर्ड की भी मौत हो गई.
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 39 पुरुष 8 महिलायें और 2 बच्चे शामिल हैं.
स्थानीय समाचार माध्यमों में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना का शिकार बने एक डिब्बे की छत और उसकी बगल की दीवारें सामने पड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज के ऊपर पहुंच गईं.
यह स्थान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से 191 किलोमीटर दूर स्थित है.